- रिपोर्ट : प्रमोद कुमार
ठाणे : ठाणे के डोंगरीपाड़ा परिसर में एक कमरे में रखकर अवैध तरीके से गुटखे की बिक्री करने वाले एक आरोपी को एफडीए की टीम ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया । इसके पास से विभिन्न कंपनियों के छह लाख 89 हजार रुपए का गुटखा बरामद किया गया है। एफडीए के अधिकारी राम मुंडे ने बताया कि गुटखा की तस्करी करने वाले की पहचान सुनील कुमार गुप्ता (31) के रुप में हुई है। राज्य में प्रतिबंधित गुटखे की बिक्री पर प्रतिबंध होने के बावजूद गुप्ता ठाणे के घोड़बंदर रोड स्थित डोंगरी पाड़ा के किंगकांग नगर में अवैध तरीके से तस्करी कर रहा था। इसकी जानकारी ठाणे एफडीए के अधिकारियों को मिली। जानकारी के आधार पर शनिवार की दोपहर में ठाणे एफडीए की एक टीम और पुलिस ने संयुक्त रुप से किंगकांग नगर में छापा मारते हुए एक घर से अवैध रुप से रखे गए गुटखे के जखीरे को बरामद किया। इसके साथ ही पुलिस ने मौके पर पकड़ाए आरोपी गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा टीम ने मौके छह लाख 89 हजार 526 रूपए कीमत की विभिन्न कंपनियों के गुटखे को जप्त किया।
अवैध तरीके से गुटखे की बिक्री करने वाले आरोपी को एफडीए की टीम ने किया गिरफ्तार