- सामाजिक उत्थान से लेकर किसान आंदोलन को लेकर जमीनी स्तर पर कर रहे कार्यो का मिला फल
- भ्रष्ट अधिकारीयो-कर्मचारियों पर नकेल कसने की चलाई जाएगी मुहिम
हरियाणा जाट महासभा की कार्यकारिणी की दिल्ली रोड स्तिथ फार्म हाउस पर बैठक हुई, जिसमें संगठन के फैलाव और सामाजिक मुद्दों पर आगे कदम बढ़ाने के लिए नई कार्यकारिणी के गठन का निर्णय लिया गया। पदाधिकारियों द्वारा एकमत तरीके से बीते तीन कार्यकाल से जाट महासभा अध्यक्ष की भूमिका को निभा रहे प्रदीप हुड्डा को लगातार चौथी बार प्रदेशाध्यक्ष बनाते हुए तीन साल का दायित्व सौंपा। वरिष्ठ पदाधिकारी राजीव सांगवान ने बताया कि पूरे प्रदेश के किसानों, जाट समाज की भलाई, सामाजिक कार्यों, किसान व जाट आरक्षण आन्दोलन के दौरान दिए गए अपने महत्वपूर्ण योगदान देने के चलते प्रदीप हुड्डा पर पुन: चौथी बार लगातार विश्वास जताते हुए उन्हें सर्वसम्मति से प्रदेशाध्यक्ष चुना गया है। बैठक में सभी कार्यकर्ताओं ने सर्वसम्मति से दोनों हाथ उठा कर प्रदीप हुड्डा के नाम का अनुमोदन किया। इस अवसर पर उन्हें अपनी कार्यकारिणी चुनने का भी अधिकार प्रदान किया गया है। उनका कहना था कि प्रदीप हुड्डा के कार्यकाल में हरियाणा जाट महासभा ने काफी तरक्की की, पूरे प्रदेश में समाजसेवा के कार्य किए गए तथा राष्ट्रीय स्तर पर एक अलग पहचान बनाई है।
इस अवसर पर प्रदेशाध्यक्ष प्रदीप हुड्डा ने कहा कि हरियाणा जाट महासभा को राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। आरक्षण की लड़ाई को खत्म कर सभी जातियों को आर्थिक आधार पर आरक्षण दिलवाने के लिए और सभी को उनका संवैधानिक हक दिलाने के लिए जोरदार प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि लगातार चौथी बार उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उस पर वे पूरी तरह से खरा उतरने का प्रयास करेंंगे तथा प्रदेश के हर वर्ग को न्याय दिलाने के लिए दिन-रात एक कर देंगे।
प्रदीप हुड्डा ने बताया कि सामाजिक रूप से समाज को एकजुट करने के लिए विशेष अभियान चलाए, जिससे पूरे समाज में एक नई चेतना का सूत्रपात हुआ। हरियाणा प्रदेश के गांव-गांव की दलित बस्तियों में स्वच्छता अभियान चला कर अलग अलग क्षेत्रो की साफ सफाई करवाकर अपनी एक अलग पहचान बनाईं। विभिन्न सामाजिक मुद्दों को हल करने के लिए विशेष स्तर पर प्रयास किए। प्रदेश की विभिन्न गऊशालाओं को समय-समय पर दान दिया। कई बार रक्तदान शिविरों का आयोजन किया। समय-समय पर खेल प्रतियोगिताओं, रक्तदान व चिकित्सा शिविरों का आयोजन करवाया गया।
प्रदीप हुड्डा ने बताया कि महिला सुरक्षा और कन्या भ्रूण हत्या को रोकने की दिशा में हरियाणा जाट महासभा ने व्यापक स्तर पर विशेष कार्य किए है। प्रदेश में विभिन्न संगठनों में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रयास किए। ग्रामीणों को बच्चों को शिक्षित करवाने के लियें प्रेरित किया। हरियाणा के गांव-गांव में जाकर ग्रामीणों से जन सम्पर्क कर कई सामाजिक कुरीतियों से प्रदेश को मुक्त करवाया। सामाजिक रूप से सभी वर्ग के लोगों को एकजुट करके वहाँ के राजनीतिक क्षेत्र को आगे बढ़ाया। उसी अथक मेहनत के कारण राजनीति क्षेत्र में भी प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर के सभी शीर्ष राजनेताओं के साथ अच्छे व मैत्रीपूर्ण सम्बन्ध बनाए।
नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष प्रदीप हुड्डा के अनुसार हरियाणा जाट महासभा द्वारा जल्द ही पूरे प्रदेश में भ्रष्टाचार के निवारण के लिए अलग से कमेटियों का गठन किया जाएगा। जो कि भ्रष्ट कर्मचारियों व अधिकारियों के खिलाफ एक सामाजिक अभियान चलाएगी ताकि पूरे प्रदेश में भ्रष्टाचार पर रोक लग सके। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित नवनियुक्त पदाधिकारियों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई तथा सामाजिक बुराईयों के खिलाफ कार्य करने के लिए निर्देश भी दिए गए।